पटना: पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन संदिग्ध आतंकी नेपाल बॉर्डर के रास्ते बिहार में दाखिल हो चुके हैं। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद 28 अगस्त को बिहार पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
संदिग्ध आतंकियों की पहचान
रिपोर्ट्स के मुताबिक इन आतंकियों की पहचान इस तरह हुई है:
- हसनैन अली आवान – पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला, उम्र 20 साल। इसका पासपोर्ट 10 अप्रैल 2025 को जारी हुआ, जिसकी एक्सपायरी 9 अप्रैल 2035 है।
- आदिल हुसैन – पाकिस्तान के उमरकोट का रहने वाला, उम्र 20 साल। पासपोर्ट 16 अप्रैल 2025 को जारी, एक्सपायरी 15 अप्रैल 2035।
- मोहम्मद उस्मान – बहावलपुर, पाकिस्तान का रहने वाला, उम्र 21 साल। पासपोर्ट 21 मार्च 2024 को जारी, जिसकी एक्सपायरी 20 मार्च 2034 है।
सूत्र बताते हैं कि ये तीनों संदिग्ध अगस्त के दूसरे हफ्ते में काठमांडू पहुंचे थे और पिछले हफ्ते बिहार की सीमा में दाखिल हुए।
बॉर्डर जिलों में सुरक्षा कड़ी
बिहार पुलिस ने तीनों संदिग्धों के पासपोर्ट की जानकारी सभी बॉर्डर जिलों को भेज दी है। सुरक्षा एजेंसियों को निगरानी बढ़ाने, खुफिया इनपुट जुटाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
खासतौर पर मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिलों में पुलिस लगातार तलाशी अभियान चला रही है। नेपाल से लगी बिहार की लगभग 729 किलोमीटर लंबी खुली सीमा को सबसे संवेदनशील माना जाता है।
राजनीतिक गतिविधियों के बीच अलर्ट
इस वक्त बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल गर्म है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव “वोटर अधिकार यात्रा” के तहत प्रदेशभर में सभाएं कर रहे हैं। वहीं आने वाले दिनों में पीएम मोदी और बीजेपी के कई बड़े नेताओं की भी बिहार यात्रा प्रस्तावित है।
सूत्र बताते हैं कि पीएम मोदी 15 सितंबर को सीमावर्ती जिला पूर्णिया में जनसभा को संबोधित करेंगे। ऐसे में आतंकी इनपुट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
सरकार का कड़ा रुख
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बयान दिया है –
“अगर कोई आतंकी प्रदेश में या देश में घुसा तो उसे जहन्नुम भेजा जाएगा। कोई भी आतंकवादी अब भारत की भूमि पर सुरक्षित नहीं है। मोदी सरकार और गृह मंत्री अमित शाह की निगाह सीमा के हर इंच पर है।”
पुलिस ने जनता से मांगी मदद
मोतिहारी जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि संदिग्धों की जानकारी देने वालों को इनाम दिया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि ये संदिग्ध कहीं भी दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचना दें।



